रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में 40-60 किमी की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, रायपुर, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर के कुछ हिस्सों में मध्यम गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।इन क्षेत्रों में तेज हवा चलने की संभावना है और कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने कई जिलों में हल्की गरज-चमक और बारिश के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई है।इनमें सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर शामिल हैं।
27 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 22 से 27 अगस्त तक छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम में बदलाव का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल सकता है।
आंधी और आकाशीय बिजली से रहें सावधान
तेज हवा और आकाशीय बिजली के दौरान मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और संभव हो तो पक्के सुरक्षित भवन के अंदर रहने की सलाह दी गई है।बारिश और आंधी के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने, बिजली के खंभों और तारों के पास जाने से बचने को कहा गया है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।