रायपुर।छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 5 हजार नियमित पद शामिल हैं, जिन पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी।
लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार, नियमित भर्ती में सहायक शिक्षक के 2,292 पद, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200 पद, शिक्षक के 1,654 पद और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इन पदों में ई-संवर्ग के 2,227 और टी-संवर्ग के 2,773 पद हैं।
शिक्षक भर्ती परीक्षा की तारीखें जारी
भर्ती परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं इस प्रकार होंगी—
सहायक शिक्षक: 11 अक्टूबर 2026
शिक्षक: 25 अक्टूबर 2026
व्याख्याता: 29 नवंबर 2026
सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला): परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, व्याख्याता पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।
1,812 संविदा शिक्षकीय पदों पर भी भर्ती
सरकारी स्कूलों के अलावा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में 1,812 संविदा शिक्षकीय पदों पर भी भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है।स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इन पदों की भर्ती अधिसूचना सितंबर में जारी किए जाने की प्रक्रिया है, जबकि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।
कुल 6,812 पदों पर होगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के जरिए छत्तीसगढ़ के सरकारी और उत्कृष्ट विद्यालयों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में यह भर्ती की जा रही है।