MP में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज नरम हुआ है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है, जिससे अगले तीन-चार दिनों तक सुबह-शाम गुलाबी ठंडक का अहसास हो सकता है। अगले 24 घंटे में हवा का रुख बदलने और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट की संभावना है।
मंगलवार को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है।
हालांकि, सोमवार-मंगलवार की रात में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई, जो 18.4 डिग्री रहा।
MP में वेस्टर्न डिस्टरबेंस से आई हवा से नरम पड़े गर्मी के तेवर
फिलहाल प्रदेश में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जबकि 9 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते अगले सप्ताह तक मौसम का मिजाज मिलाजुला रह सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण अगले 24 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
मंगलवार को भोपाल में तेज हवा चलने से गर्मी के तेवर नरम पड़ गए। दोपहर में हवा की रफ्तार 30 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
रात में हवा की रफ्तार 22 किमी प्रति घंटे रही, लेकिन उत्तरी दिशा से चलने के कारण ठंडक बढ़ गई। शाम 5:30 बजे से रात 11:30 बजे तक तापमान में 10.4 डिग्री की गिरावट देखी गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री की और गिरावट हो सकती है।
Comments (0)