भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पर्यटन को एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि मिली है। प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी को जर्मनी के बर्लिन में आयोजित ITB Berlin Travel Mart में प्रतिष्ठित ‘Green Destinations Bronze’ सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया है। इस सम्मान के साथ पचमढ़ी यह उपलब्धि हासिल करने वाला देश का पहला हिल स्टेशन बन गया है। यह प्रमाणन नीदरलैंड स्थित Green Destinations Foundation द्वारा दिया जाता है, जिसे Global Sustainable Tourism Council (GSTC) से मान्यता प्राप्त है। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की ओर से उज्जैन कमिश्नर आशीष सिंह ने यह सम्मान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन का परिणाम : धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी
पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश पर्यटन लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि पचमढ़ी को मिला ‘ग्रीन डेस्टिनेशन ब्रॉन्ज’ सर्टिफिकेट इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश पर्यटन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को भी प्राथमिकता दे रहा है। राज्यमंत्री लोधी के अनुसार यह उपलब्धि पचमढ़ी को वैश्विक स्तर पर सस्टेनेबल टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करेगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।
अन्य पर्यटन स्थलों के लिए रोल मॉडल बनेगा पचमढ़ी
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने कहा कि यह सम्मान पचमढ़ी में विरासत संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा और जलवायु संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की वैश्विक पहचान है। उन्होंने कहा कि अब पचमढ़ी देश के अन्य पहाड़ी पर्यटन स्थलों और इको-टूरिज्म साइट्स के लिए अनुकरणीय मॉडल (रोल मॉडल) बनकर उभरा है। इससे प्रदेश में रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म को और अधिक मजबूती मिलेगी।
स्थिरता और पर्यावरण संरक्षण का वैश्विक मानक
ग्रीन डेस्टिनेशंस एक अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित प्रमाणन कार्यक्रम है, जो पर्यटन स्थलों का मूल्यांकन आर्थिक, पर्यावरणीय और सामाजिक-सांस्कृतिक स्थिरता के आधार पर करता है। पचमढ़ी का चयन एक विस्तृत और जटिल मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद किया गया, जिसमें छह प्रमुख विषयों और 75 कड़े मापदंडों के आधार पर परीक्षण किया गया।
Comments (0)