रायपुर।राजधानी रायपुर में लगातार चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। शहर के निचले इलाकों में पानी घरों तक पहुंच गया, जबकि अलग-अलग स्थानों पर 300 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF और NDRF की टीमें नावों के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
खारुन नदी का जलस्तर बढ़ा, कई इलाकों में पानी
डीप डिप्रेशन के असर से हुई लगातार बारिश के बाद रायपुर में हालात बिगड़ गए हैं। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से कांदुल, सरस्वती नगर, दतरेंगा, काठाडीह समेत कई इलाकों में पानी भर गया है। कई जगहों पर पानी कमर तक पहुंच गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है।
300 से ज्यादा लोगों के फंसे होने की जानकारी
बारिश और जलभराव के चलते शहर के अलग-अलग हिस्सों में 300 से ज्यादा लोग फंस गए। प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित इलाकों में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। वहीं SDRF और NDRF की टीमें नावों की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा रही हैं।
दतरेंगा में 22 नर्सिंग छात्रों का रेस्क्यू
दतरेंगा स्थित आयुष नर्सिंग कॉलेज के 22 छात्र भी बाढ़ के पानी में फंस गए थे। रेस्क्यू टीम ने नाव के जरिए सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।रेस्क्यू के बाद छात्रों ने बताया कि उन्होंने रायपुर में पहली बार इस तरह के हालात देखे हैं। छात्रों के मुताबिक, पानी बढ़ने से वे काफी डर गए थे। उनका जरूरी सामान और दस्तावेज कॉलेज में ही छूट गए हैं और अब आगे की स्थिति को लेकर उन्हें चिंता है।
प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है और प्रशासनिक टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार 20 से अधिक छात्रों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया है।
निचले इलाकों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
फिलहाल SDRF और NDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन की प्राथमिकता जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निचले इलाकों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।