रायपुर। गणेश विसर्जन और झांकियों को लेकर रायपुर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। बुधवार को C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक हुई, जिसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
विसर्जन में 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवान रहेंगे तैनात
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। पुलिस की ओर से संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन केवल निर्धारित स्थानों पर ही किया जाएगा।
तालाबों में विसर्जन किया तो कटेगा चालान
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित स्थानों के अलावा तालाबों में विसर्जन करने पर कार्रवाई के साथ चालान भी काटा जाएगा।गणेश उत्सव समितियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन की ओर से तय विसर्जन स्थलों का ही इस्तेमाल करें।
महादेव घाट के कुंड में होगा विसर्जन
नगर निगम ने महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में व्यवस्थाओं के लिए विशेष समिति गठित की है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।महादेव घाट पर सुरक्षा के लिए गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और अग्निशमन वाहन तैनात रहेंगे।
छोटी प्रतिमाओं के लिए बनेंगे अस्थायी कुंड
छोटी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए महादेव घाट पर अस्थायी कुंड भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा झांकी रूट पर जर्जर भवनों का सर्वे कराया जाएगा।प्रशासन की ओर से झांकी मार्ग पर सफाई, सड़क मरम्मत और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि विसर्जन और झांकियों के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रहे।