रायपुर। रायपुर में भारी बारिश का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई दे रहा है। रायपुर स्टेशन पहुंचने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें शुक्रवार को 1 से 3 घंटे तक देरी से पहुंचीं। कुछ ट्रेनों के विलंब से यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
समता एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट
शुक्रवार को रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनों के समय में काफी देरी दर्ज की गई। समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस 2 घंटे 45 मिनट, दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस करीब 2 घंटे विलंब से रायपुर पहुंची।दुर्ग से रायपुर के बीच लोकल ट्रेनों को आउटर पर भी लंबे समय तक रोके जाने की जानकारी सामने आई है। इसके चलते यात्रियों का सफर एक घंटे से ज्यादा लंबा हो रहा है।
एक महीने से अंबिकापुर एक्सप्रेस भी लेट
अंबिकापुर एक्सप्रेस के रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है, लेकिन पिछले करीब एक महीने से यह ट्रेन 3 से 4 घंटे की देरी से रायपुर पहुंच रही है। वापसी के दौरान भी ट्रेन के घंटों विलंब से चलने की जानकारी है।देरी के कारण अंबिकापुर में यात्रियों को ट्रेन के लिए रात 12 से 1 बजे तक इंतजार करना पड़ रहा है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहर से शाम तक कई ट्रेनें 2 से 5 घंटे लेट
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें 2 से 5 घंटे तक विलंबित रहीं। दुर्ग से रवाना होने के बाद कई ट्रेनों की देरी आगे के स्टेशनों पर बढ़ती गई।संपर्क क्रांति एक्सप्रेस दुर्ग से रवाना होने के बाद रायपुर पहुंचने तक 9 मिनट लेट थी। भाटापारा पहुंचने तक देरी 29 मिनट, उसलापुर तक 31 मिनट और पेंड्रारोड तक 1 घंटे 40 मिनट हो गई। शहडोल पहुंचने तक ट्रेन 2 घंटे 3 मिनट विलंबित हो चुकी थी।
साउथ बिहार एक्सप्रेस की देरी भी बढ़ी
साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन रायपुर पहुंचने में 5 मिनट की देरी हुई। इसके बाद तिल्दा पहुंचने तक ट्रेन की देरी बढ़कर 31 मिनट और सक्ती पहुंचने तक 1 घंटे 12 मिनट हो गई।
सारनाथ और अमरकंटक एक्सप्रेस भी प्रभावित
शहडोल होकर रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनें भी घंटों विलंब से चल रही हैं। इनमें सारनाथ और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये ट्रेनें रोजाना 3 घंटे से अधिक की देरी से रायपुर पहुंच रही हैं।अमरकंटक एक्सप्रेस भी करीब 3 घंटे विलंब से रायपुर पहुंच रही है। निर्धारित समय के मुताबिक यात्री स्टेशन पहुंच रहे हैं, लेकिन ट्रेनें लेट होने से उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।दुर्ग और बिलासपुर से ट्रेनें समय पर रवाना होने के बावजूद रायपुर पहुंचते-पहुंचते लोकल ट्रेनें भी 1 से 2 घंटे तक विलंबित हो रही हैं।