यूक्रेन ने रविवार को रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। रूस के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया। इसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक बताया जा रहा है।
मॉस्को क्षेत्र में करीब 600 ड्रोन का दावा
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन के अनुसार, राजधानी की ओर बड़ी संख्या में ड्रोन बढ़ रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, मॉस्को क्षेत्र में ही करीब 600 ड्रोन की गतिविधि दर्ज की गई। हमले के दौरान कई जगह आग और नुकसान की खबरें सामने आईं।
छह लोगों की मौत, रोस्तोव में सबसे ज्यादा casualties
रूसी अधिकारियों के अनुसार, हमलों में कम से कम छह लोगों की जान गई। इनमें पांच मौतें रूस के रोस्तोव क्षेत्र में हुईं, जबकि मॉस्को क्षेत्र में एक 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई है। कई अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है।
सैन्य और औद्योगिक ठिकाने निशाने पर
यूक्रेन के हमलों का फोकस रूस के सैन्य और रणनीतिक ढांचे पर रहा। रिपोर्टों के अनुसार, रूस के समारा क्षेत्र में Progress रॉकेट सेंटर और निज़नी नोवगोरोद क्षेत्र के Savasleyka एयरबेस को भी निशाना बनाया गया। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन हमलों को रूस की सैन्य क्षमता को कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा बताया है।
रूस-यूक्रेन युद्ध में बढ़ा लंबी दूरी के हमलों का दौर
यूक्रेन की ओर से रूस के भीतर गहराई तक किए जा रहे ड्रोन और मिसाइल हमले लगातार तेज हो रहे हैं। दूसरी ओर, रूस भी यूक्रेन के शहरों और सैन्य ठिकानों पर मिसाइल एवं ड्रोन हमले जारी रखे हुए है। रविवार को रूस ने कीव समेत यूक्रेन के कई हिस्सों पर भी हमला किया, जिसमें लोगों के घायल होने की खबर है।