लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंचे। उनके दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट से होटल की ओर जाते समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनने की बात सामने आई है।राहुल गांधी के इंदौर दौरे का मुख्य कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ है, जिसके जरिए छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया जाना है।
शाम 5:30 बजे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
राहुल गांधी शाम 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं की भागीदारी के लिए प्रवेश दोपहर से शुरू किया गया।यह अभियान पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में आयोजित हो चुका है। इंदौर में होने वाला कार्यक्रम इसका पांचवां आयोजन है।
शिक्षा, रोजगार और पेपर लीक पर होगी चर्चा
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के सामने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से रखे जाने हैं।‘छात्रों की गूंज’ अभियान में युवाओं की शिक्षा और रोजगार से जुड़ी चिंताओं को सामने लाने पर जोर दिया जा रहा है। राहुल गांधी की ओर से छात्रों के साथ इन विषयों पर संवाद किया जाना है।
कार्यक्रम के लिए 31 सुरक्षा शर्तें
राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और पुलिस ने आयोजकों के सामने 31 सुरक्षा शर्तें रखी हैं। इनमें भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल इंतजाम और आपात स्थिति में निकासी जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।कार्यक्रम स्थल और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन की ओर से यातायात प्रबंधन भी किया गया है।