उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मध्यप्रदेश के उज्जैन पहुंच चुके हैं। अपने प्रवास के दौरान वे संगठनात्मक बैठकों में शामिल होकर स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके साथ ही वे ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार दोपहर तक उज्जैन में रहेंगे। उनके प्रवास को लेकर संघ कार्यालय और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
आराधना भवन में ठहरे RSS प्रमुख
उज्जैन पहुंचने के बाद डॉ. मोहन भागवत देवासगेट क्षेत्र के सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ में ठहरे हैं। प्रवास के दौरान उनके कई संगठनात्मक कार्यक्रम निर्धारित हैं।
महाकाल परिसर में स्वयंसेवकों की विशेष बैठक
गुरुवार शाम 5:45 बजे डॉ. मोहन भागवत अरविंद नगर स्थित महाकाल परिसर में आयोजित स्वयंसेवकों की विशेष बैठक में शामिल होंगे।यह संगठनात्मक और बौद्धिक कार्यक्रम होगा, जिसमें जिलेभर से करीब 600 अपेक्षित स्वयंसेवकों को शामिल होने की अनुमति होगी। आयोजन में अनुशासन और निर्धारित योजना के अनुसार प्रवेश व्यवस्था रखी गई है।डॉ. मोहन भागवत यहां करीब डेढ़ घंटे तक स्वयंसेवकों को संबोधित कर उनका मार्गदर्शन करेंगे।
शुक्रवार को ‘युवा धर्म संसद’ का उद्घाटन
शुक्रवार सुबह 10 बजे डॉ. मोहन भागवत ‘युवा धर्म संसद’ के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र के दौरान डॉ. मोहन भागवत युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे।
दोपहर में उज्जैन से होंगे रवाना
निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद डॉ. मोहन भागवत शुक्रवार दोपहर उज्जैन से रवाना होंगे। उनके आगमन और कार्यक्रमों को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तथा संघ कार्यकर्ताओं की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए हैं।