आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने लोगों की जिंदगी को पहले से कहीं ज्यादा आसान बना दिया है। अब नोट्स लिखने से लेकर सवालों के जवाब ढूंढने और जटिल समस्याएं हल करने तक हर काम में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन यही सुविधा अब मानसिक निर्भरता में बदलती दिखाई दे रही है। नई रिसर्च के मुताबिक लगातार AI पर भरोसा करने से इंसानी दिमाग अपनी स्वाभाविक सोचने की क्षमता खोने लगता है।
प्रतिष्ठित संस्थानों की रिसर्च ने बढ़ाई चिंता
कार्नेगी मेलन, एमआईटी और ऑक्सफोर्ड जैसे विश्वस्तरीय संस्थानों द्वारा की गई संयुक्त रिसर्च में सैकड़ों लोगों पर अलग-अलग प्रयोग किए गए। अध्ययन में पाया गया कि जिन प्रतिभागियों ने AI असिस्टेंट की मदद से काम किया, उन्होंने कार्य जल्दी पूरा जरूर किया, लेकिन जैसे ही AI सहायता हटाई गई, उनकी प्रदर्शन क्षमता तेजी से गिर गई। लोग समस्याओं को हल करने में अधिक गलतियां करने लगे और जल्दी हार मानने लगे।
दिमाग मेहनत करना छोड़ रहा है
रिसर्च से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि AI लगातार इंसानी दिमाग को “शॉर्टकट मोड” में डाल रहा है। एमआईटी के प्रोफेसर मिशेल बक्कर के अनुसार, AI मददगार जरूर है, लेकिन जब हर जवाब तुरंत मिल जाता है, तो दिमाग खुद सोचने और सीखने की प्रक्रिया को कम कर देता है। धीरे-धीरे व्यक्ति कठिन सवालों से जूझने की आदत खोने लगता है।
सीखने और धैर्य की क्षमता पर असर
अध्ययन में यह भी सामने आया कि AI का अत्यधिक इस्तेमाल लोगों के धैर्य और लगातार प्रयास करने की क्षमता को प्रभावित कर रहा है। किसी भी नई स्किल को सीखने के लिए दिमाग का संघर्ष करना जरूरी होता है, लेकिन जब हर मुश्किल का समाधान कुछ सेकंड में मिलने लगे, तो सीखने की प्राकृतिक प्रक्रिया कमजोर पड़ने लगती है। विशेषज्ञ इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए गंभीर चुनौती मान रहे हैं।
क्या AI इंसान को बना देगा मानसिक रूप से निर्भर?
तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में सबसे बड़ा खतरा यह नहीं होगा कि AI इंसानों की नौकरियां ले लेगा, बल्कि यह होगा कि इंसान खुद सोचने की क्षमता खोने लगेंगे। यदि लोग हर छोटे निर्णय और हर समस्या के लिए AI पर निर्भर हो जाएंगे, तो उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता और रचनात्मक सोच प्रभावित हो सकती है। यही वजह है कि अब AI के जिम्मेदार इस्तेमाल पर वैश्विक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
समाधान रोक नहीं, संतुलित उपयोग में छिपा
विशेषज्ञ AI के इस्तेमाल को बंद करने की बात नहीं कर रहे, बल्कि उसके उपयोग के तरीके को बदलने पर जोर दे रहे हैं। उनका सुझाव है कि AI टूल्स को केवल सीधे जवाब देने के बजाय इस तरह डिजाइन किया जाए, जिससे उपयोगकर्ता खुद सोचने और सीखने के लिए प्रेरित हों। शिक्षा और कार्यस्थलों पर भी AI को सहायक उपकरण के रूप में इस्तेमाल करने की जरूरत बताई जा रही है, न कि पूरी तरह विकल्प के तौर पर।