दिल्ली-एनसीआर में जन्माष्टमी से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला रविवार सुबह भी जारी है। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में सुबह बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि, बारिश ने ऑफिस जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग ने रविवार के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है।
शनिवार की बारिश ने दिल्ली की रफ्तार पर लगाया ब्रेक
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। दिल्ली एयरपोर्ट से जुड़े रास्तों के अलावा पूर्वी, दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के कई इलाकों में भी लोगों को जलभराव और ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। कुछ जगहों पर सड़कें घुटनों तक पानी में डूबी नजर आईं।
महिपालपुर से NH-48 तक पानी ही पानी
शनिवार को सबसे ज्यादा असर महिपालपुर और राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दिखाई दिया। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से धौला कुआं के बीच एनएच-48 पर पानी भरने के कारण यातायात प्रभावित रहा। महिपालपुर में स्थिति ज्यादा खराब रही और कई वाहन जलभराव के बीच से गुजरते नजर आए। टर्मिनल-3 के आसपास भी पानी जमा हुआ। इसके अलावा पालम एयरपोर्ट टनल, संगम विहार की नीम चौक रोड, शकरपुर, लक्ष्मी नगर और महरौली-बदरपुर रोड पर भी कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही।
द्वारका और मथुरा रोड पर भी बिगड़े हालात
द्वारका में रोटरी चौक से डीजेबी चौक, डीजेबी रेड लाइट से ओमैक्स रोड और सेक्टर-1, 7, 8, 9, 10 और 20 से जुड़े कई रास्ते जलभराव से प्रभावित हुए। एनएच-8 अंडरपास में भी पानी भर गया। वहीं, मथुरा रोड पर अपोलो अस्पताल और आश्रम चौक के बीच पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए कई जगहों पर जलभराव के चलते ट्रैफिक धीमा होने की जानकारी साझा की। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले यातायात की स्थिति को ध्यान में रखने की अपील की।
सफदरजंग में 67.1 MM बारिश, छतरपुर में सबसे ज्यादा पानी
बारिश की तीव्रता का अंदाजा राजधानी में दर्ज आंकड़ों से लगाया जा सकता है। शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शनिवार शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग में कुल 67.1 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 29.8 MM बारिश हुई। इसी अवधि में छतरपुर में सबसे ज्यादा 39.5 MM बारिश दर्ज की गई। अन्य इलाकों में पालम में 35.6 MM, लोदी रोड में 30.8 MM, रिज में 24 MM, आयानगर में 18.4 MM, पूसा में 16 MM, मयूर विहार में 9.5 MM, जाफरपुर में 3.5 MM, जनकपुरी में 12 MM, नारायणा में 24.5 MM, झड़ौदा कलां में 6 MM और पीतमपुरा में 10 MM बारिश रिकॉर्ड हुई।
रविवार को भी बारिश का दौर, Orange-Red Alert जारी
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी। खासतौर पर देर शाम और रात में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसी को देखते हुए रविवार के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में जलभराव वाले रास्तों और ट्रैफिक प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी होगी।
आखिर दिल्ली में क्यों बदला मौसम?
मौसम में यह बदलाव कई मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आया है। मध्य प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके साथ दिल्ली के आसपास सक्रिय मानसून ट्रफ और पहाड़ी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। इन प्रणालियों के कारण राजधानी और एनसीआर में बारिश का दौर तेज हुआ है।
सोमवार से मिल सकती है राहत, फिर बढ़ेगा तापमान
रविवार के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम में सुधार के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से आसमान अपेक्षाकृत साफ होने की संभावना है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। इसके साथ ही तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे उमस और गर्मी एक बार फिर लौट सकती है।