नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड में सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पूरे होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पार कर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। प्रधानमंत्री ने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में बदलाव के एक उदाहरण के तौर पर पेश किया।
बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बालाकोट एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपना रुख स्पष्ट किया है और आतंकवादी हमले की स्थिति में जवाब देने की बात कही।मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का सामना करता रहा है और देश अब जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
26/11 मुंबई हमले और 9/11 को किया याद
प्रधानमंत्री ने 2008 के दिल्ली सीरियल ब्लास्ट और 26/11 मुंबई आतंकी हमले को भी याद किया। इसके साथ ही उन्होंने 9/11 हमले के 25 साल पूरे होने का उल्लेख करते हुए वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
जनगणना को बताया राष्ट्रीय दायित्व
प्रधानमंत्री ने जनगणना को देश के प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताया। उन्होंने लोगों से जनगणना में सहयोग करने की अपील की और कहा कि अपनी और परिवार की जानकारी मोबाइल के जरिए दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
स्वच्छता पर भी PM मोदी ने की बात
2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने स्वच्छता के महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने जीवन में स्वच्छता समेत कई महत्वपूर्ण संदेश दिए।प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर स्वच्छता से जुड़ी तस्वीरों, वीडियो और रील्स का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों के छोटे-छोटे प्रयासों से समाज की भागीदारी बढ़ रही है।
युवाओं के नशा मुक्ति अभियान का जिक्र
प्रधानमंत्री ने देशभर में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान का भी उल्लेख किया। ‘मेरा भारत’ के तहत एंथम, स्लोगन राइटिंग और नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियों का आयोजन किया गया है।उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए युवा नशा मुक्त युवा का संदेश भी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। अभियान के तहत 100 शहरों में स्वास्थ्य जांच और ध्यान शिविर जैसी गतिविधियां आयोजित किए जाने की बात भी कही गई।