मेलबर्न के मैदान पर खेले जा रहे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 के चौथे मुकाबले के दूसरे दिन के खेल की शुरुआत होने के साथ टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी मैदान पर काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे।
पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में हुआ निधन
आपको बता दें कि, 26 दिसंबर की रात भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। महान अर्थशास्त्री और दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश शोक में है, जिसमें उन्हीं को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय टीम जब बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच के दूसरे दिन के खेल की शुरुआत होने पर मैदान पर बांह में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरी।
खेल जगत ने मनमोहन सिंह के निधन पर दी उन्हें श्रद्धांजलि
आपको बता दें कि, डॉ. मनमोहन सिंह महान अर्थशास्त्री थे। डॉ. मनमोहन सिंह साल 2004 से लेकर 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन पर जहां टीम इंडिया काली पट्टी बांधकर मैदान पर खेलने उतरी है तो वहीं खेल जगत से अन्य कई पूर्व प्लेयर्स ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है, जिसमें भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग से लेकर हरभजन सिंह और युवराज सिंह का नाम शामिल है।
सहवाग-हरभजन ने दी मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि
भारत के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि, हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री मनमोहन सिंह जी के निधन पर मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति। वहीं भारत के पूर्व स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि, पूर्व प्रधानमंत्री, एक सज्जन व्यक्ति और दूरदर्शी नेता डॉ. मनमोहन सिंह जी के आकस्मिक निधन की खबर से दुखी हूं।
Comments (0)