सूर्या के नेतृत्व में भारतीय टीम ने पहले टी20 मैच में इंग्लैंड को 7 विकेट से हरा दिया। इस मैच में भारत के लिए भारत के मिस्ट्री गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती ने बेहतरीन गेंदबाजी की। वहीं युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने तूफानी 79 रनों की पारी खेली। आपको बता दें कि, इंग्लैंड की टीम ने भारत को जीतने के लिए 133 रनों का टारगेट दिया, जिसे टीम इंडिया ने आसानी से हासिल कर लिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
वरुण चक्रवर्ती की तारीफ में खोला दिल
मैच जीतने के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, हम थोड़ा अलग खेलना चाहते हैं। गेंदबाजों ने प्लान बनाया और उसे सही तरीके से लागू किया। फिर जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की, वह सोने पर सुहागा था। सूर्या ने आगे कहा कि, हमने दक्षिण अफ्रीका में भी यही किया था। हार्दिक पर नई गेंद फेंकने की जिम्मेदारी ली, ताकि एक्सट्रा स्पिनर को खेलने के लिए जगह मिल सके। कप्तान ने आगे कहा कि, वरुण चक्रवर्ती की तैयारी अच्छी है। वह चीजों को बहुत सरल रखते हैं। यही चीज उन्हें दूसरों से अलग बनाती है।
सूर्या बोले - अर्शदीप ले रहे हैं जिम्मेदारी
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच खत्म होने के बाद कहा कि, अर्शदीप सिंह एक्सट्रा जिम्मेदारी ले रहे हैं। उनके पास अनुभव है और वह बहुत कुछ सीख रहा है। कप्तान ने आगे कहा कि, गौती भाई (कोच गौतम गंभीर) बहुत आजादी दे रहे हैं। हमने जो 2024 टी20 विश्व कप में किया था उससे थोड़ा अलग खेलना चाहते हैं। हमारे पास प्लान है, हम उसी तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं और उससे बहुत खुश हैं। इसके अलावा उन्होंने आगे कहा कि, हम सभी सेशन में फील्डिंग कोच के साथ वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम सभी मेहनत कर रहे हैं।
Comments (0)