चम्पावत : राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री की विधानसभा चम्पावत में राज्य एवं जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। देहरादून स्थित मुख्य सेवा सदन से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योजना का शुभारंभ किया। इसका विकास भवन सभागार चम्पावत में वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।
विकास भवन सभागार में दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय की उपस्थिति और मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती की अध्यक्षता में एमयूवाई चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना गांव-गांव में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही इससे पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
महिला उद्यमियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान जनपद चम्पावत में उद्यमिता और महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनीं हेमा उपाध्याय लक्ष्मी जोशी और कंचन देवी सहित राज्य की अन्य महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। जनपद में उत्कृष्ट उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान किए गए।
इसके अलावा 8 उद्यमियों को सब्सिडी राशि के चेक भी वितरित किए गए। इससे स्थानीय स्तर पर उद्यम स्थापित करने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं से लाभान्वित होने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहन मिला।
प्रचार वैन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
कार्यक्रम के दौरान आधुनिक एलईडी डिस्प्ले, ऑडियो-वीडियो प्रचार तंत्र और प्रचार सामग्री से सुसज्जित प्रचार वैन को मुख्य अतिथि श्याम नारायण पाण्डेय, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार वैन 21 से 27 अगस्त 2026 तक जनपद के विकासखंड चम्पावत, लोहाघाट, पाटी और बाराकोट के विभिन्न दूरस्थ गांवों बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचेगी। वैन के माध्यम से स्थानीय लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के साथ-साथ विभिन्न स्वरोजगार एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
युवाओं और महिलाओं को मिलेगा मार्गदर्शन
प्रचार अभियान के दौरान युवाओं महिलाओं स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को उद्यम स्थापना प्रशिक्षण वित्तीय सहयोग बाजार से जुड़ाव और उद्यमी पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इच्छुक लोगों को उद्यमिता से जोड़ना और उन्हें स्वरोजगार के लिए आवश्यक संसाधनों एवं योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम स्थल पर स्वयं सहायता समूहों एवं युवाओं के लिए पंजीकरण डेस्क उत्पाद एवं उद्यम प्रदर्शनी रेखीय विभागों के मार्गदर्शन सत्र तथा बैंकिंग एवं ऋण सुविधा सहायता डेस्क भी स्थापित किए गए। इन सुविधाओं के माध्यम से प्रतिभागियों को एक ही स्थान पर उद्यमिता से संबंधित आवश्यक जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई गई।
सरकार का लक्ष्य मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उद्यमिता को मजबूत करना युवाओं एवं महिलाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है।