लखनऊ में हुई कैबिनेट बैठक के बाद सुरेश खन्ना, एके शर्मा और सूर्य प्रताप शाही ने कई अहम फैसलों की जानकारी दी। सरकार ने उद्योग, शहरी विकास, ऊर्जा और किसानों से जुड़े बड़े निर्णय लिए हैं।
छोटे उद्योगों के लिए PPP मॉडल
सरकार ने छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए PPP मॉडल पर औद्योगिक शेड बनाने का फैसला लिया है। निजी डेवलपर्स इन शेड्स का निर्माण करेंगे और इन्हें किराए पर उद्योगों को दिया जाएगा, जिससे उद्यमियों की लागत कम होगी।
लॉजिस्टिक और औद्योगिक हब को मंजूरी
संभल में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक सेंटर को मंजूरी दी गई है। वहीं ग्रेटर नोएडा के बुढ़ाकी क्षेत्र में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए 174.12 एकड़ जमीन नीलामी के जरिए दी जाएगी।
निजी निवेश और बिजनेस पार्क
सरकार ने निजी बिजनेस पार्क विकास योजना को मंजूरी दी है, जिससे सेवा क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
‘नवयुग नगर पालिका योजना’ लागू
नगर पालिकाओं को स्मार्ट बनाने के लिए ‘नवयुग नगर पालिका योजना’ शुरू की जाएगी।
- 58 जिला मुख्यालय शहर शामिल
- 55 नगर पालिका परिषद और 3 नगर पंचायत कवर
- 145 करोड़ रुपये खर्च
- 5 साल की अवधि
इस योजना में डिजिटल मॉनिटरिंग, बेहतर जल निकासी, धरोहर संरक्षण, वन डे गवर्नेंस सेंटर, थीम पार्क और डिजिटल लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ऊर्जा क्षेत्र में बड़े फैसले
- गोरखपुर को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। चिलुआताल में 20 मेगावॉट का फ्लोटिंग सोलर प्लांट लगाया जाएगा।
- इसके अलावा घाटमपुर प्रोजेक्ट के लिए 2242.90 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे बिजली उत्पादन बढ़ेगा और दरों में कमी आने की उम्मीद है।
किसानों के लिए अहम घोषणा
सरकार ने गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया है। 30 मार्च से 15 जून तक गेहूं की खरीद की जाएगी। इन फैसलों के जरिए यूपी सरकार ने उद्योग, बुनियादी ढांचा, शहरी विकास और कृषि क्षेत्र को एक साथ मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।