उत्तराखण्ड में छात्र संघ चुनाव को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने घोषणा की है कि आगामी छात्र संघ चुनाव में छात्राओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इस निर्णय को नारी शक्ति सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
घोषणा के बाद छात्रों में उत्साह
सरकार का मानना है कि लंबे समय से छात्र राजनीति में छात्राओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही है ऐसे में यह फैसला उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान करेगा और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेगा। इस पहल से न सिर्फ छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि शैक्षणिक संस्थानों में संतुलित और समावेशी नेतृत्व भी विकसित होगा। इस घोषणा के बाद छात्र नेताओं और छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई छात्र संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे छात्राओं को अपनी बात रखने और निर्णय प्रक्रिया में शामिल होने का बेहतर अवसर मिलेगा। छात्राओं का मानना है कि अब वे केवल सहभागी ही नहीं बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका में भी मजबूती से सामने आएंगी।
छात्र राजनीति के स्वरूप बदलेगा
हालांकि कुछ छात्र नेताओं का यह भी कहना है कि इस फैसले के सफल क्रियान्वयन के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश और पारदर्शी प्रक्रिया जरूरी होगी ताकि इसका लाभ सही तरीके से सभी तक पहुंच सके। कुल मिलाकर यह निर्णय उत्तराखण्ड में छात्र राजनीति के स्वरूप को बदलने वाला साबित हो सकता है जहां अब छात्राओं की भूमिका पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली नजर आएगी।