कान्हा टाइगर रिजर्व इन दिनों पर्यटकों की भीड़ से गुलजार नजर आ रहा है। हर दिन बड़ी संख्या में पर्यटक यहां घूमने के लिए पहुंच रहे हैं। ठंड का मौसम यहां लोगों को प्रकृति के बिल्कुल करीब ले आता है, ऐसे में देश-विदेश के पर्यटक यहां घूमने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन कड़ाके की सर्दी से लोग थोड़े परेशान हैं, ऐसे में कान्हा टाइगर रिजर्व के खुलने और बंद होने का समय बदल गया है। पर्यटकों की सुविधा के हिसाब से समय में बदलाव किया गया है।
समय सारिणी
बढ़ती ठंड के कारण कान्हा टाइगर रिजर्व के प्रबंधन में समय में बदलाव करने का फैसला किया है, पार्क के इस निर्णय से पर्यटक भी खुश हैं और पार्क प्रबंधन के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। प्रबंधन के अनुसार अब सुबह की सफारी का समय सुबह 6 बजे की जगह 6 बजकर 30 मिनट कर दिया है, जबकि शाम को पर्यटकों के पार्क से निकलने का समय 6 बजे की जगह 5 बजकर 30 मिनट कर दिया है। ताकि पर्यटकों को आने और जाने में किसी तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े। दरअसल, अब सूरज साढ़े 6 बजे के बाद ही निकल रहा है, जबकि सूर्य अस्त 6 बजे तक हो जाता है। ऐसे में पार्क प्रबंधन ने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी यह फैसला किया है।
ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद
बता दें कि पहले पार्क भ्रमण का समय सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे ओर शाम का समय 3 बजे से 6 बजे तक हुआ करता था, जो अब सुबह 6,30 से 12 बजे ओर शाम का समय 2,30 बजे से 5,30 बजे कर दिया गया है। गौरतलब है कि कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में दिसंबर और जनवरी में कड़ाके की ठंड पड़ती है, यहां पर तापमान माइनस डिग्री तक पहुंच जाता है। जबकि इसी सीजन में यहां पर्यटकों की भारी भीड़ जुटती है, ऐसे में पार्क प्रबंधन को यहां सभी व्यवस्थाएं बनानी पड़ती हैं। कान्हा टाइगर रिजर्व के प्रबंधन अधिकारियों का कहना है कि पिछले बार की तुलना में इस बार ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों के कान्हा टाइगर रिजर्व आने की उम्मीद है। ऐसे में यहां लगभग सभी होटलों की बुकिंग फुल नजर आ रही है। वहीं मंडला शहर में भी होटल बुक हैं।