संत सियाराम बाबा का निधन बुधवार सुबह गीता जयंती और मोक्षदा एकादशी के अवसर पर हो गया। सियाराम बाबा ने सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर अंतिम सांस ली। जानकारी के अनुसार बाबा पिछले 10 दिनों से बीमार थे। उनका इलाज आश्रम के चिकित्सालय में ही चल रहा था। संत सियाराम बाबा के निधन पर एमपी के सीएम डॉ. मोहन यादव के अलावा कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी हैं।
संत सियाराम बाबा को सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के महान संत परम पूज्य सियाराम बाबा जी के ब्रह्मलीन होने पर गहन शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। सीएम ने सोशल मीडिया साइट x पर लिखा, प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त, निमाड़ के दिव्य संत पूज्य श्री सियाराम बाबा जी के प्रभुमिलन का समाचार संत समाज सहित सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है।धर्म साधना एवं मां नर्मदा की सेवा में समर्पित पूज्य बाबा जी ने असंख्य श्रद्धालुओं के जीवन को दिशा दी। बाबा महाकाल से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा उनके असंख्य अनुयायियों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। संतश्री के चरणों में कोटि-कोटि नमन।
संत सियाराम बाबा को वीडी शर्मा ने दी श्रद्धांजलि
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के महान संत परम पूज्य सियाराम बाबा जी के ब्रह्मलीन होने पर गहन शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। बीजेपी सांसद ने सोशल मीडिया साइट x पर लिखा है कि, निमाड़ के महान संत, परम पूज्य श्री सियाराम बाबा जी के ब्रह्मलीन होने का दुःखद समाचार मिला। उनका देवलोकगमन धर्म जगत के लिए बड़ी क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकमय अनुयायियों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें। पूज्य बाबाजी के श्रीचरणों में कोटि - कोटि नमन। ॐ शांति:।
संत सियाराम बाबा को कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने दी श्रद्धांजलि
एमपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के महान संत परम पूज्य सियाराम बाबा जी के ब्रह्मलीन होने पर गहन शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। पीसीसी चीफ ने सोशल मीडिया साइट x पर लिखा है कि, प्रभु श्रीराम के अनन्य भक्त, निमाड़ की धर्म ध्वजा और आध्यात्मिक अनुभूति के प्रेरणापुंज संत श्री सियाराम बाबा जी के देवलोकगमन की दुखद सूचना प्राप्त हुई! मोक्षदा एकादशी को दिव्य ज्योति में विलीन हुई यह दिव्यात्मा प्रभु के मोक्ष-धाम में सर्वश्रेष्ठ स्थान पर विराजित होगी! परमपिता परमात्मा से प्रार्थना है दुख की इस घड़ी में भक्त परिवार को धैर्य प्रदान करें! || ॐ शांति ||
संत सियाराम बाबा को शिवराज सिंह चौहान ने दी श्रद्धांजलि
केंद्रीय कृषिमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश के निमाड़ क्षेत्र के महान संत परम पूज्य सियाराम बाबा जी के ब्रह्मलीन होने पर गहन शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। शिवराज सिंह ने सोशल मीडिया साइट x पर लिखा है कि, सुप्रसिद्ध संत, परम पूज्य सियाराम बाबा जी के देवलोकगमन के समाचार से हृदय स्तब्ध है। वह नर्मदा मैया के परम भक्त थे और आज मोक्षदा एकादशी पर नर्मदा मैया की ही गोद में उन्होंने देह त्यागी है। महाराज जी के विचार, शिक्षाएं और उपदेश सदैव हमें मार्गदर्शित करते रहेंगे। श्रद्धेय महाराज जी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि प्रणाम!