राज्यसभा में सभापति उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस ने निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसान और खाद की समस्या को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को फिर घेरा है।
माफ करो महामहिम-महाराज! किसानों के ‘लाडले’ नहीं हैं शिवराज !
एमपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया एक्स (X) पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर कई व्यंग किए हैं। पीसीसी चीफ ने लिखा है कि, माफ करो महामहिम-महाराज! किसानों के “लाडले” नहीं हैं शिवराज! खाद की कमी। बीज का अभाव। फसल खरीदी में देरी। बिचौलियों का दखल। कृषि ऋण माफी में देरी। फसल बीमा की दिक्कतें। उपज भंडारण में अव्यवस्था। बिजली-पानी से जुड़ी समस्या। प्राकृतिक आपदाओं का प्रकोप। कृषि नवाचारों में कमी की कहानी। एक नहीं, मप्र में ही ऐसी हजारों समस्याएं हैं,लगता है, किसान जब हक की हुंकार भरेंगे, शायद तभी “झूठे” नामकरण मिटेंगे।
शिवराज सिंह चौहान नहीं रहे 'मामा' अब 'किसान के लाडले
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को 'किसान के लाडले' नाम मिला है। दरअसल, उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शिवराज सिंह चौहान को ये नाम दिया है। धनखड़ ने राज्यसभा में कहा कि, जिस आदमी की पहचान देश में लाडले के नाम से थे, वो किसान का लाडला होगा, उसको लेकर मैं आशावान हूं। वो ऊर्जावान मंत्री हैं। तभी धनखड़ ने कहा कि, मैंने आज से आपका (शिवराज) नामकरण कर दिया है- 'किसान के लाडले'। इसके बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हाथ जोड़कर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को प्रणाम किया।