Description -
प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2024 से पहले योग आसनों का अभ्यास किया, इस दौरान सीएम डॉ. मोहन मयूर और काग आसन जैसे कठिन आसनों का सफलतापूर्वक अभ्यास करते दिखे
सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम
राजधानी भोपाल में 21 जून को विश्व योग दिवस के लिए होने वाले भव्य आयोजन से पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को योग आसन का अभ्यास करते दिखे... सीएम डॉ. यादव 'सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम' में विधायक, राज्य मंत्री, अधिकारियों और सैकड़ों स्कूली छात्रों के साथ योग करेंगे... कार्यक्रम का आयोजन अन्य राज्यों की तर्ज पर 21 जून को राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में किया जा रहा है... जहां सुबह 6 बजे से 'सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम' शुरू किया जाएगा...
राजधानी में होगी योग दिवस की धूम
भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं... जिसमें किलोल पार्क, कमला पार्क और स्वर्ण जयंती पार्क समेत सार्वजनिक पार्क इस अवसर पर सामूहिक योग अभ्यास का आयोजन कर रहे हैं... साथ ही यह दिन सरकारी कार्यालयों, विश्वविद्यालयों और स्कूलों में भी बहुत उत्साह के साथ मनाया जाएगा...
वहीं माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भी 2 दिवसीय योग समारोह की मेजबानी कर रहा है... और यह कार्यक्रम प्रेस सूचना कार्यालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गुरुदेव श्री रविशंकर के आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन की साझी देख-रेख में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है...
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का 10वां संस्करण
"योग दिवस" की पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान पेश की थी... प्रस्ताव को व्यापक वैश्विक समर्थन प्राप्त हुआ और 177 देशों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रस्ताव को सह-प्रायोजित किया जहां यह सर्वसम्मति से पारित हुआ... जिसके बाद परिणामस्वरूप, पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2015 को दुनिया भर में सफलतापूर्वक मनाया गया...जिसमें न्यूयॉर्क, पेरिस, बीजिंग, बैंकॉक, कुआलालंपुर, सियोल और नई दिल्ली जैसे शहर शामिल थे...