मध्य प्रदेश के झाबुआ में दो आवारा श्वानों की लाठियों से पीट पीटकर बेरहमी से हत्या करने वाले थांदला नगर परिषद के 3 दैनिक सफाई कर्मियों की सेवाएं समाप्त करने के बाद सीएमओ राजकुमार ठाकुर को भी सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, पुलिस ने तीनों कर्मचारियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर लिया है। इस मामले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और पीपल फॉर एनिमल संस्था की प्रमुख मेनका गांधी ने भी नाराजगी जताई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कारर्वाई की मांग की है।
थांदला में 2 श्वानों की बेरहमी से हत्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नगर परिषद के तीन कर्मचारी लाठियों से दो श्वानों को बेरहमी से पीट रहे हैं। इस मामले में थांदला एसडीएम तरुण जैन ने सीएमओ को जांच कर दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मेनका गांधी की नाराजगी के बाद अब सीएमओ भी निलंबित। एक दिन पहले तीनो सफाई कर्मियों की सेवाएं समाप्त करने के बाद उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।