डॉ. मोहन यादव सरकार एक साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस कार्यकाल को भाजपा जहां ऐतिहासिक बता रही है, वहीं कांग्रेस इसे धोखा और छल-कपट की सरकार बताकर घेराबंदी का कोई मौका नहीं छोडऩा चाहती। पत्रिका ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी से विशेष बातचीत की।
स्वर्णिम एमपी बनाने की ओर अग्रसर संवेदनशील मोहन सरकार: वीडी
भाजपा की सरकार लंबे समय से सुशासन देती है। उसे और अच्छा करने का प्रयास एक साल में किया गया है। इस सरकार के अंदर संवेदनशीलता, गुड गवर्नेंस और खासतौर पर त्वरित कार्रवाई कैसे होगी, इस कार्य को मोहन सरकार ने बखूबी किया है। सरकार किसानों के लिए हर प्रकार से तत्पर है। सबसे अच्छा कदम साइबर तहसील का उठाया गया। हेल्थ सेक्टर के मामले में काफी अच्छा काम हुआ है। मौजूदा दौर में लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज हैं। डॉक्टर की कमी पूरी करने को भर्ती प्रक्रिया तेजी से चल रही है। तीसरा पीएम श्री एंबुलेस योजना। अपने संसदीय क्षेत्र की तीन घटनाओं का प्रत्यक्षदर्शी हूं कि अगर उन्हें एयर एंबुलेंस से भोपाल नहीं भेजा जाता तो उनकी जान चली जाती।
सरकार बताए कि निवेश प्रस्तावों में से कितने धरातल पर उतरे: जीतू
सरकार भले ही एक साल पूरा हो रहा हो, लेकिन इस एक साल में सरकार ने जनता से लगातार झूठ बोला। गुमराह किया। सरकार जनहित के मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाकर केवल छल, कपट और धोखा जनता के साथ कर रही है। जिन वादों को लेकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है, वे एक भी वादे पूरे नहीं हुए। यानी राज्य की स्थिति पहले से ज्यादा खराब हुई है। लाड़ली बहनों को 3000 रुपए देने का वादा किया गया था, बहनें आज तक इंतजार कर रही हैं। किसानों को धान के 3100 रुपए, गेहूं के 2700 रुपए मिलने थे, लेकिन नहीं मिले। युवाओं को नौकरी नहीं, जबकि एक लाख युवाओं को नौकरी देने की बात की थी।