बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बड़ा ऐलान किया है। बाबा बागेश्वर ने समाज से छुआछूत की खाई पाटने के लिए बड़ा फैसला लिया है। बागेश्वर धाम में होने वाले सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में दलित समाज के दूल्हों की बारात घोड़ी पर बिठाकर निकालने का संकल्प लिया है।
गरीब 251 कन्याओं का धीरेंद्र शास्त्री विवाह करवाएंगे
आपको बता दें कि, बागेश्वर धाम में 26 फरवरी 2025 को सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गरीब 251 कन्याओं का पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विवाह करवाएंगे। इस विवाह महोत्सव में सभी दूल्हों की बारात घोड़ी पर बिठाकर निकाली जाएगी।
15 दिसंबर तक होंगे रजिस्ट्रेशन
बता दें कि, हर साल की तरह इस साल भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बागेश्वर धाम में सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। दरअसल, 26 फरवरी को होने वाले इस विशाल कन्या विवाह महोत्सव में 251 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसके लिए 1 दिसंबर से पंजीयन कार्य शुरू हो गए हैं, जो 15 दिसंबर तक चलेंगे।
विवाह पंजीयन के लिए ये दस्तावेज लाना जरूरी
बागेश्वर धाम के सेवादार आकाश अग्रवाल ने बताया कि, कन्या विवाह महोत्सव में शादी करने वाली बेटियों को महराज लाखों रुपए की घर गृहस्थी की सामग्री के साथ विदा करते हैं। उन्होंने बताया है कि, पंजीयन के लिए वर-वधू का आधार कार्ड और वह अंक सूची जिसमें जन्मतिथि अंकित हो साथ लाना जरूरी है। पंजीयन बागेश्वर धाम स्थित कार्यालय नंबर 5 पर किए जा रहे हैं। यहां दस्तावेजों को देखने के बाद एक फॉर्म दिया जाएगा, जिसे भरकर अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। आकाश अग्रवाल ने बताया कि, प्राप्त होने वाले आवेदनों का परीक्षण होगा और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र जोड़ों का चयन होगा।