छत्तीसगढ़ में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन के साथ कोहरे को और भी तेज कर दिया है। इसके चलते अगले तीन से पांच दिनों तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर जारी रहने का अनुमान है।
न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक हो सकती है गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिन तक सुबह के समय कोहरा रहेगा और दिनभर ठंडी हवाएं चलेंगी। उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।
पहले मध्य छत्तीसगढ़ में और फिर दक्षिणी छत्तीसगढ़ में इन हवाओं का असर देखने को मिलेगा। रायपुर में मौसम साफ रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
स्कूलों के समय में भी किया गया बदलाव
इस ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले पांच दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि सरगुजा संभाग में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
कड़ाके की ठंड के चलते सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। प्राइमरी और मिडिल स्कूल सुबह 8.30 बजे से, एक पाली वाले स्कूल सुबह 10 बजे से, और दो पाली वाले हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक चलेंगे।
Comments (0)