भोपाल, जम्मू कश्मीर, मनाली सहित उत्तर भारत के राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में दिखने लगा है। राज्य के कई हिस्सों में सर्द हवाएं चलना शुरू हो चुकी हैं। मंगलवार को प्रदेश का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मैदानी जिलों की बात करें तो यहां न्यूनतम पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। राजधानी भोपाल सहित पांच शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से तापमान में और गिरावट आने के आसार नजर आ रहे हैं। सर्द हवाओं के चलने से मध्य प्रदेश में सिहरन बढ़ सकती है। कई जिलों के तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
प्रमुख स्थानों के न्यूनतम तापमान को देखा जाये तो मैदानी क्षेत्र के जिलों में मंडला सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया वही एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ भोपाल में 9.8 राजगढ़ में 9.6, नौगांव 9.3 और उमरिया में 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हाल ही में हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान में काफी गिरावट आ रही है। अभी हवा का रुख भी उत्तरी बना हुआ है। उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में अच्छी ठंड पड़ रही है। आगे भी ऐसा ही मौसम रह सकता है।
मध्य प्रदेश के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। जम्मू कश्मीर और शिमला में बर्फबारी और उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के चलते यहां ठिठुरन बढ़ गई। बुधवार से राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में सर्दी अपना असर दिखाएगी। इसके लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
Comments (0)