भोपाल - मध्यप्रदेश भाजपा में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव को मध्यप्रदेश का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और सांसद रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की ओर से बुधवार को नई प्रभारियों और सह प्रभारियों की सूची जारी की गई।
महेंद्र सिंह की जगह मिली बिप्लब देव को जिम्मेदारी
अब तक डॉ. महेंद्र सिंह मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल के दिनों में भी वह प्रदेश संगठन की बैठकों और कार्यक्रमों में सक्रिय नजर आए थे। नई नियुक्ति के बाद अब मध्यप्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक समन्वय की जिम्मेदारी बिप्लब कुमार देव संभालेंगे। भाजपा ने देश के कई राज्यों के लिए नए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, पार्टी ने संगठनात्मक ढांचे में व्यापक फेरबदल करते हुए कुल 31 प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी बदले हैं।
कौन हैं बिप्लब कुमार देव?
बिप्लब कुमार देव त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। वह 9 मार्च 2018 को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बने थे और मई 2022 तक इस पद पर रहे। मुख्यमंत्री बनने से पहले उन्होंने त्रिपुरा में भाजपा संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सत्ता में वापसी के बाद उन्हें मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली। मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद भी पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता जारी रही और उन्हें अलग-अलग राज्यों की जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
हरियाणा और बंगाल में भी संभाली जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद बिप्लब देव को भाजपा ने हरियाणा का प्रभारी बनाया था। इसके अलावा वह पश्चिम बंगाल में भी पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी काम से जुड़े रहे। अगस्त 2026 में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में बिप्लब कुमार देव को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया। पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम में उनके साथ विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी मिली थी।
रेखा वर्मा को भी मिली नई जिम्मेदारी
बिप्लब देव के साथ रेखा वर्मा को मध्यप्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है। अगस्त में घोषित भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था। अब उन्हें मध्यप्रदेश संगठन के साथ समन्वय की जिम्मेदारी भी दी गई है।
संगठन में बदलाव के पीछे क्या है वजह?
मध्यप्रदेश भाजपा में लंबे समय से प्रदेश प्रभारी के बदलाव को लेकर चर्चा चल रही थी। अब नए प्रभारी और सह प्रभारी की नियुक्ति के साथ इन अटकलों पर विराम लग गया है। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल के बाद मध्यप्रदेश में भाजपा के संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय की जिम्मेदारी बिप्लब देव और रेखा वर्मा संभालेंगे। वहीं, पूर्व प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।