भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में AIMIM प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। ओवैसी ने आरोप लगाया कि UCC के जरिए मुस्लिमों की धार्मिक पहचान को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 का हवाला देते हुए कहा कि इस कानून के पीछे धार्मिक अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश है। साथ ही ओवैसी ने उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश में AIMIM के चुनाव लड़ने को लेकर भी बड़ा ऐलान किया।
UCC को मुस्लिमों को टारगेट करने का जरिया बताया
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि समान नागरिक संहिता मुस्लिमों को टारगेट करने का जरिया है। उनका आरोप है कि UCC लाने का मकसद संविधान के अनुच्छेद 25 और 26 को खत्म करना है। ओवैसी ने कहा कि हिंदू एक्ट को गैर-हिंदुओं पर थोपा जा रहा है और इससे मुस्लिमों की धार्मिक पहचान प्रभावित होगी।
आदिवासियों का मुद्दा उठाकर सरकार पर सवाल
ओवैसी ने मध्यप्रदेश में आदिवासी आबादी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आदिवासी करीब 20 फीसदी हैं, लेकिन उन्हें छोड़कर करीब 8 फीसदी आबादी के लिए कानून लाया जा रहा है। ओवैसी ने सवाल उठाया कि जब अलग-अलग समुदायों की सामाजिक और धार्मिक परिस्थितियां हैं, तो समान कानून लागू करने की जरूरत क्यों है।
अमित शाह के बयान पर ओवैसी का पलटवार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के UCC को लेकर दिए गए बयान पर भी ओवैसी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सभी जगह UCC एक है और इसे समझने के लिए हिंदू मैरिज एक्ट को सामने रखकर देखा जा सकता है। ओवैसी ने भाजपा सरकार की UCC की नीति पर सवाल खड़े करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता से जोड़कर हमला बोला।
यूपी चुनाव को लेकर गठबंधन का खुला ऑफर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा की सरकार नहीं बनने देना चाहते हैं तो उनके साथ गठबंधन किया जाए। ओवैसी ने कहा कि AIMIM की ओर से खुला ऑफर है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि पार्टी यूपी में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
दो शादियों के सवाल पर ओवैसी का तंज
UCC के विरोध को लेकर जब ओवैसी से मुस्लिमों की एक से ज्यादा शादी के मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने पलटवार करते हुए कहा,“जिनकी बीवी भाग गई, उनका क्या?” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
उमर खालिद की रिहाई की मांग
उमर खालिद के मामले पर भी ओवैसी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उमर खालिद को बिल्कुल जेल से बाहर आना चाहिए। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी इस लड़ाई को लड़ रही है और आगे भी इसे जारी रखेगी।
MP और UP में चुनाव लड़ेगी AIMIM
ओवैसी ने साफ किया कि AIMIM उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश, दोनों राज्यों में चुनाव लड़ेगी। हालांकि पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी, इसको लेकर उन्होंने अभी कोई संख्या स्पष्ट नहीं की है। मध्यप्रदेश में UCC के मुद्दे पर ओवैसी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में इसे लेकर राजनीतिक बहस जारी है।
BJP की B Team के आरोप पर कांग्रेस पर निशाना
AIMIM को भाजपा की B Team बताए जाने के आरोप पर ओवैसी ने कांग्रेस पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद चुनाव हारती है और फिर AIMIM को B Team कहती है। ओवैसी के इस बयान से साफ है कि आने वाले चुनावों में AIMIM कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा को भी अपने निशाने पर रखेगी।