भोपाल। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में पर्यटकों के लिए खास पहल की गई है। 27 सितंबर 2026 को संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, भोपाल के अधीन प्रदेश के सभी संग्रहालयों और स्मारकों में देशी एवं विदेशी पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।
संस्कृति मंत्री ने पर्यटकों से की अपील
संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने विश्व पर्यटन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेशवासियों और पर्यटकों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरें प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और स्थापत्य कला की अमूल्य विरासत हैं। इनका भ्रमण लोगों को अपने अतीत से परिचित कराने के साथ भावी पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में मदद करता है।
युवाओं और विद्यार्थियों से भी संग्रहालय देखने की अपील
मंत्री लोधी ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके संरक्षण के महत्व को समझने का अवसर है।उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों से परिवार के साथ प्रदेश के संग्रहालयों एवं स्मारकों का भ्रमण करने की अपील की, ताकि वे मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जान सकें।