पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र के दुगनेहड़ी और दुलेहड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए उनके जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्यक्रम की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि ‘सेवा संकल्प का अभियान, आंगनवाड़ी बहनों का सम्मान’ सेवा और सम्मान के साथ स्वस्थ एवं सशक्त समाज की दिशा में एक सार्थक कदम है।उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूरे समर्पण के साथ जमीनी स्तर पर बच्चों और परिवारों से जुड़कर काम कर रही हैं और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।इसी क्रम में उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र के दुगनेहड़ी और दुलेहड़ा स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया।उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का समर्पण और उत्साह प्रेरणादायी रहा।