उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ने असमय हुई भारी बारिश, ओले गिरने और आकाशीय बिजली से प्रभावित किसानों, बटाईदारों और उनके परिवारों को तुरंत राहत पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में अन्नदाताओं के साथ राज्य सरकार पूरी तरह खड़ी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बारिश और ओले से प्रभावित किसानों को तुरंत मिले मुआवजा
चित्रकूट में एक किसान की फसल में आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नुकसान का तुरंत आंकलन करने और उचित मुआवजा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के 24 घंटे के भीतर मुआवजा वितरण के निर्देश पर जिलाधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को राहत राशि पहुंचाना शुरू कर दिया है। राहत आयुक्त कार्यालय सभी जिलों पर लगातार निगरानी रख रहा है। सीएम योगी ने कहा कि असमय बारिश और ओले गिरने से हुए नुकसान पर सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। हर प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वेक्षण कर नुकसान का निष्पक्ष आंकलन किया जाए और शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नए आवास उपलब्ध कराए जाएं
उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसानों तक सहायता पहुंचाने में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। जिन परिवारों के घर बारिश से क्षतिग्रस्त या पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत नए आवास उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही कृषक दुर्घटना बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों को भी शीघ्र लाभान्वित किया जाए।