मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के देश में किसानों को दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए धन की कोई कमी नहीं है। किसानों के हर संकट में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। राजगढ़ जिले के लिए धनतेरस के दिन लगभग 500 करोड रुपए की सौगात मिल रही है यह एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजगढ़ जिले के ब्यावरा में शनिवार को किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के खातों में 277 करोड़ की राहत राशि अंतरित की। उन्होंने 226.81 करोड़ रूपये की योजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 33 करोड़ रूपये लागत की ब्यावरा नगर जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन एवं 193 करोड रूपये लागत के 41 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश तरक्की कर रहा है। आकांक्षी जिले के माध्यम से राजगढ़ की तस्वीर बदल गई है। जब से हमारी सरकार बनी है पूरे क्षेत्र में विकास की धारा बह रही है। पहले खेती और पानी की कल्पना करना मुश्किल थी अब प्रदेश में सिंचाई का रकबा इतना बढ़ गया है कि हर खेत को सिंचाई के लिए पानी मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों में समय पर पानी मिल जाए तो फसल सोने की हो जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई कमी नहीं है। प्रदेश में इतनी बिजली है कि यहां की बिजली से दिल्ली की मेट्रो चल रही है।
ब्यावरा के विकास के लिए मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाई दूज के त्यौहार पर लाडली बहनों को खातों में 250 रुपए की अतिरिक्त राशि मिलेगी। इसके बाद हर महीने 1500 रुपए की राशि डाली जाएगी ।
नगर पालिका ब्यावरा एवं नगर परिषद सुठालिया को विकास कार्यों के लिए 10 -10 करोड रुपए की राशि दी जाएगी।
ब्यावरा में अतिरिक्त कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनाया जाएगा।
ब्यावरा में पीपल चौराहे से राजगढ़ बाईपास तक रोड़ चौड़ीकरण व उन्नयन एवं सुठालिया रोड़ का उन्नयन और चौड़ीकरण किया जाएगा।
गिंदौरहाट, सेमलापार और बैरसिया हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी में उन्नयन किया जाएगा।
Comments (0)