मनुष्य का जीवन उसके विचारों और कर्मों पर निर्भर करता है। यह व्यक्ति के मानस पर तय होता है कि वह अपने रास्ते में **फूल बिछाना चाहता है या काँटे**। फूल अपनी कोमलता, सुंदरता, आकर्षण और सुगंध के कारण हर किसी को प्रिय लगते हैं, जबकि काँटे कठोरता और पीड़ा का प्रतीक माने जाते हैं। यही कारण है कि हर व्यक्ति अपने जीवन में सुख, शांति और सद्भाव की कामना करता है, लेकिन अनजाने में कई बार ऐसे कार्य कर बैठता है जिनका परिणाम अंततः उसे स्वयं ही भुगतना पड़ता है।
क्षणिक खुशी, लेकिन परिणाम कष्टदायक
जीवन में कई बार इंसान छोटी-छोटी शरारतों, ईर्ष्या या मनोरंजन के लिए ऐसे कदम उठा लेता है, जिनके दूरगामी परिणाम गंभीर हो सकते हैं। कार्य करते समय भले ही उसे आनंद महसूस हो, लेकिन जब उसके दुष्परिणाम सामने आते हैं, तब वही खुशी पछतावे में बदल जाती है।
हाथी और दर्जी की कहानी से मिलती है बड़ी सीख
बचपन में पढ़ी जाने वाली एक प्रसिद्ध कहानी आज भी समाज के लिए उतनी ही प्रासंगिक दिखाई देती है। कहानी के अनुसार, एक हाथी प्रतिदिन नदी में स्नान करने जाता था। रास्ते में एक दर्जी की दुकान पड़ती थी। हाथी को रोज दुकान के सामने से गुजरते देखकर दर्जी के मन में शरारत सूझी। दर्जी ने एक दिन सुई से हाथी को चुभो दिया। धीरे-धीरे यह उसकी आदत बन गई और वह रोज हाथी को परेशान करने लगा। बिना कारण पीड़ा सहते हुए हाथी के मन में भी रोष उत्पन्न हुआ।
जब हाथी ने सिखाया सबक
एक दिन हाथी नदी से लौटते समय अपनी सूँड में पानी भर लाया और दर्जी की दुकान के सामने पहुँचकर सारा पानी दुकान में उड़ेल दिया। इससे दुकान में रखे ग्राहकों के कपड़े खराब हो गए और दर्जी को भारी नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद दर्जी को अपनी गलती का एहसास हुआ। उसे समझ आया कि व्यर्थ की शरारत और दूसरों को कष्ट देने का परिणाम कितना भारी पड़ सकता है।
कर्मों का परिणाम लौटकर जरूर आता है
कहावत है कि तीर कमान से निकल जाए तो वापस नहीं आता। उसी तरह गलत शब्द और बुरे कर्म भी लौटाए नहीं जा सकते। बाद में केवल पछतावा ही शेष रह जाता है। दर्जी की स्थिति भी कुछ ऐसी ही हुई, जहाँ पछताने के अलावा उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा।
समाज के लिए संदेश
यह कहानी केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन की गहरी सीख देती है। अक्सर लोग ईर्ष्या, मज़ाक या अपनी मजबूरी में दूसरों के रास्ते में काँटे बिछा देते हैं, लेकिन समय आने पर वही काँटे उनके अपने जीवन में पीड़ा बनकर लौटते हैं। इसलिए आवश्यक है कि हम अपने व्यवहार और कर्मों में सकारात्मकता अपनाएँ तथा दूसरों के जीवन में कठिनाइयों के बजाय खुशियों के फूल बिखेरने का प्रयास करें।