हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में भाजपा ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत बुधवार को संसदीय स्तर की जनसभा और पदयात्रा आयोजित की। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर जमकर निशाना साधा।
हमीरपुर में भाजपा ने निकाली पदयात्रा
बाइपास स्थित कुमार पैलेस में जनसभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इसमें प्रदेश के 17 विधानसभा क्षेत्रों से विधायक, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।पदयात्रा की अगुवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने की। यह पदयात्रा कुमार पैलेस से शुरू होकर ओल्ड आरटीओ रोड, भोटा चौक और मुख्य बाजार से होते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई।
CM सुक्खू झूठ बोलने में माहिर: अनुराग ठाकुर
जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोलने में माहिर हैं। भाजपा के पांडव एकजुट हैं और कौरव रूपी कांग्रेसियों पर राजनीतिक प्रहार कर हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाने को लेकर भी सवाल उठाए। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले प्रदेश में चुनाव करवाने से डर रहे थे और अब अपने ही विधानसभा क्षेत्र में चुनाव करवाने से पीछे हट रहे हैं।
कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ रही है, जबकि विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ईवीएम से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सत्ता में आए हैं तो क्या वह इस्तीफा देंगे?
रामलीला मैदान की रैली को लेकर कांग्रेस पर तंज
सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने रैली में 10 लाख लोगों को जुटाने का दावा किया था, लेकिन पार्टी 50 हजार लोग भी नहीं जुटा पाई।