ऊना दौरे पर पहुंचे हमीरपुर के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा।पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी को ‘रील का नेता’ बताते हुए कहा कि अनाप-शनाप बयानबाजी करना उनकी आदत बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की सोच केवल सोशल मीडिया की रील तक सीमित है और वे वास्तविक नेतृत्व करने में विश्वास नहीं रखते।
‘बिना आधार और झूठी बयानबाजी करते हैं’
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने राहुल गांधी पर बिना आधार के बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब राहुल गांधी के बयानों को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई होती है, तो उन्हें माफी मांगनी पड़ती है।पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि ऐसे कई उदाहरण हैं, जब राहुल गांधी ने अदालत में जाकर माफी मांगी है। उन्होंने कांग्रेस की आंतरिक स्थिति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस में ही कई लोग कांग्रेस सरकार से दुखी हैं।
नेपाल में फंसे सुखविंदर रतन के परिवार से मिले
ऊना दौरे के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने नेपाल में फंसे सुखविंदर रतन के परिवार से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार को मदद का भरोसा दिलाते हुए बताया कि सुखविंदर के मामले को लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बातचीत की गई है।उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय में गृह सचिव के माध्यम से नेपाल में भारत के राजदूत से संपर्क किया गया है। इसके अलावा विदेश सचिव के माध्यम से भी नेपाल में भारतीय राजदूत से संपर्क साधा गया है।
सुखविंदर की तलाश के लिए भारत की कोशिश जारी
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के मुताबिक जिस सुरंग में सुखविंदर रतन के फंसे होने की आशंका है, वहां शुरुआती तीन दिनों तक NDRF की टीम नहीं पहुंच पाई थी।उन्होंने बताया कि नेपाल सेना और नेपाल सरकार की ओर से भारत से सीमित मदद लेने की बात कही गई थी। जैसे-जैसे अनुमति मिल रही है, भारत सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सुरंग विशेषज्ञों को नेपाल भेजा गया
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयासों के लिए सुरंग विशेषज्ञों को नेपाल भेजा गया है। भारत की ओर से उपलब्ध संसाधनों के जरिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि भारत सरकार नेपाल में चल रहे राहत और बचाव प्रयासों में जरूरत के मुताबिक मदद कर रही है और सुखविंदर रतन समेत फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए प्रयास जारी हैं।