नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में BRICS Summit 2026 की तैयारियों के बीच ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार शाम होने वाली मोटरकेड रिहर्सल को लेकर एडवाइजरी जारी की है। रिहर्सल के दौरान शहर की 35 से ज्यादा प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे। मोटरकेड रिहर्सल शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगी। इसका मुख्य रूट प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम और आसपास के इलाकों में रहेगा। बता दें कि BRICS Summit 2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में होना है।
22 जगहों पर किया जाएगा ट्रैफिक डायवर्ट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रिहर्सल के दौरान मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और नई दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात नियंत्रित किया जाएगा। कुल 22 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं।
प्रभावित होने वाली प्रमुख सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग शामिल हैं।
इसके अलावा ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड और लाल बहादुर शास्त्री मार्ग पर भी ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
इन इलाकों में भी रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने कई प्रमुख जंक्शन और चौराहों पर भी यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की है। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, रामचरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट और वंदे मातरम मार्ग प्रमुख हैं। मोटरकेड की आवाजाही के दौरान जरूरत के अनुसार कुछ मार्गों पर ट्रैफिक को रोका या वैकल्पिक रास्तों की ओर मोड़ा जा सकता है।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए खास सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और अंतरराज्यीय बस टर्मिनल जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। यात्रियों से कहा गया है कि वे घर से सामान्य समय से पहले निकलें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। एडवाइजरी के दौरान एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को खासतौर पर मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। गुरुग्राम, द्वारका, नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिम दिल्ली तथा उत्तर और पूर्वी दिल्ली से एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन जाने वालों को उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
VIP मूवमेंट के दौरान बदल सकते हैं बस रूट
BRICS Summit की तैयारियों के कारण VIP और VVIP मूवमेंट के दौरान कुछ बस रूट में अस्थायी बदलाव किया जा सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक पुलिस की ताजा एडवाइजरी पर नजर रखें।
हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि मेट्रो सेवा सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से चलती रहेगी।
सड़क किनारे पार्किंग पर भी रोक
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करने की सलाह दी है। नियंत्रित किए जाने वाले मार्गों के 200 मीटर के दायरे में सड़क किनारे पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित या नियंत्रित सड़कों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
आज शाम दिल्ली में निकलने से पहले ध्यान रखें
- मोटरकेड रिहर्सल शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक होगी।
- 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
- 22 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन की व्यवस्था रहेगी।
- एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री अतिरिक्त समय लेकर निकलें।
- एयरपोर्ट के लिए मेट्रो को प्राथमिकता देने की सलाह है।
- सड़क किनारे पार्किंग से बचें।
- VIP मूवमेंट के दौरान बस रूट बदल सकते हैं।
- यात्रा से पहले ट्रैफिक पुलिस के ताजा अपडेट जरूर देखें।
BRICS Summit के दौरान राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए आने वाले दिनों में भी कई मार्गों पर अस्थायी बदलाव हो सकते हैं। ऐसे में दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए जरूरी है कि वे यात्रा से पहले अपना रूट प्लान कर लें।