गोवा: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ देर बाद एक इंजन में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद इमरजेंसी घोषित कर दी गई। पायलटों ने विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उड़ान भरने के बाद आया तकनीकी संकट
इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही समय बाद एक इंजन में तकनीकी खराबी की जानकारी सामने आई। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ने का फैसला किया। करीब 9:30 बजे ATC ने फुल इमरजेंसी घोषित कर दी। विमान उस समय करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर था और दक्षिण महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्र से वापस गोवा की तरफ मुड़ा।
रनवे 28 पर सुरक्षित उतरा विमान
विमान ने सुबह 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की और उसे स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग की पुष्टि के बाद सुबह 10:03 बजे फुल इमरजेंसी हटा दी गई लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में पहुंचाया गया।
दिल्ली जाने वाली फ्लाइट का बदला समय
तकनीकी जांच और जरूरी मंजूरियों के कारण दिल्ली जाने वाले यात्रियों की उड़ान का समय बदल दिया गया है। फ्लाइट को अब दोपहर 3:30 बजे रवाना करने के लिए पुनर्निर्धारित किया गया है। हालांकि, यह तकनीकी जांच और ऑपरेशनल मंजूरी पर निर्भर करेगा।
इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी का पता चला। स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। फिलहाल विमान की मेंटेनेंस जांच की जा रही है। इंजन में तकनीकी खराबी की वजह क्या थी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जरूरी जांच और मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा।