सीएम योगी शनिवार को दिल्ली दौरे पर पहुंचे। उन्होंने दोपहर करीब साढ़े 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को भगवान गणेश की मूर्ति भेंट की।
सूत्रों के मुताबिक, मुलाकात में उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। योगी अपने साथ उन परियोजनाओं की सूची भी लेकर पहुंचे थे, जिनका प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन या शिलान्यास प्रस्तावित है।
X पर PM मोदी का जताया आभार
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन नए उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए उन्हें नई ऊर्जा देता है। उन्होंने मुलाकात के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।
जेपी नड्डा से भी मिले योगी
सीएम योगी ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भी मुलाकात की और उन्हें भगवान गणेश की मूर्ति भेंट की। इसके बाद उनकी BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात होनी है।सूत्रों के मुताबिक, नितिन नवीन के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में होने वाले राज्यसभा और MLC चुनाव को लेकर चर्चा हो सकती है। छह MLC सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम तय किए जाने हैं और संभावित नामों पर भी बातचीत की संभावना है।
16 अक्टूबर को राज्यसभा चुनाव
निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर 2026 को मतदान की तारीख तय की है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है।इन 10 सीटों में वर्तमान में 8 BJP, एक समाजवादी पार्टी और एक बहुजन समाज पार्टी के पास है। इनमें एक सीट डॉ. दिनेश शर्मा के इस्तीफे के बाद पहले ही खाली हो चुकी है।
23 अक्टूबर को 11 MLC सीटों पर मतदान
उत्तरप्रदेश की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 MLC सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक इन चुनावों की मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा और MLC चुनाव को लेकर उत्तरप्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। योगी की दिल्ली में शीर्ष BJP नेताओं से होने वाली बैठकों को इसी चुनावी तैयारियों के संदर्भ में देखा जा रहा है।