नई दिल्ली- संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की तरह नहीं, बल्कि "अहंकार की तरह" काम कर रही है। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी, NEET पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए विपक्ष के तेवर साफ कर दिए।
'इतिहास दोहराया जा रहा है'- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है कि विदेशी आक्रमणकारियों ने मंदिर लूटे, विश्वविद्यालयों को नष्ट किया और आंदोलनकारियों का दमन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आज वही काम भाजपा सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम छात्रों की आवाज तो सुनी जानी चाहिए, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
NEET पेपर लीक पर भी उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि NEET परीक्षा में बड़ा घोटाला हुआ, लेकिन सरकार अब तक जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने आंदोलन किया या जिनकी जान गई, सरकार ने उनके प्रति संवेदना तक व्यक्त नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार नहीं देना चाहती, क्योंकि रोजगार देने पर आरक्षण लागू करना पड़ेगा।
'चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी' का लगाया आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यह सरकार "चंदा चोरी, चढ़ावा चोरी" की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे गंभीर मामले पर भी सरकार जवाबदेही तय करने से बच रही है।
अवधेश प्रसाद ने भी सरकार को घेरा
फैजाबाद से समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने भी राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहा और मुख्य आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।
संसद में उठेगा मुद्दा
अवधेश प्रसाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी इस पूरे मामले को संसद में प्रमुखता से उठाएगी और सरकार से पूछेगी कि अब तक क्या कार्रवाई हुई है। उन्होंने दावा किया कि इस घटना के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भी कमी आई है और सरकार को इसकी जवाबदेही लेनी चाहिए।