रामपुर- रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर जारी विवाद अब सियासी रंग पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "दिल्ली में परीक्षा का आंदोलन चल रहा है और रामपुर में शिक्षा का आंदोलन।" उन्होंने आरोप लगाया कि जौहर यूनिवर्सिटी को निशाना बनाकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
अखिलेश यादव का BJP पर हमला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाना छात्रों के भविष्य को बचाने जैसा है। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचा है, जिसने छात्रों की मांगों का समर्थन किया और पूरे मामले की जानकारी ली।
सपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा रामपुर
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल रामपुर पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन, छात्रों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। सपा का कहना है कि वह प्रशासन के सामने भी अपना पक्ष रखेगी और शिक्षा संस्थान को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
38 इमारतों को लेकर नोटिस से बढ़ा विवाद
15 जुलाई को रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने जौहर यूनिवर्सिटी प्रबंधन को नोटिस जारी कर कहा था कि परिसर की 40 में से 38 इमारतें बिना स्वीकृत नक्शे और अनुमति के बनी हैं। प्राधिकरण ने प्रबंधन से स्वयं इन्हें हटाने को कहा, अन्यथा बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी दी। हालांकि यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि सभी निर्माण नियमानुसार हुए हैं और उनके नक्शे जिला पंचायत से स्वीकृत हैं।
सपा ने बताया शिक्षा के खिलाफ साजिश
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार जानबूझकर शिक्षा के इस बड़े केंद्र को खत्म करना चाहती है। पार्टी का कहना है कि यह केवल भवनों का मामला नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है। इसी वजह से सपा के सांसद, विधायक और नेता लगातार यूनिवर्सिटी के समर्थन में अभियान चला रहे हैं।
छात्रों का प्रदर्शन, 28 जुलाई को होगी सुनवाई
यूनिवर्सिटी के बाहर छात्र-छात्राएं और स्थानीय समर्थक लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने रामपुर विकास प्राधिकरण के नोटिस को मुरादाबाद कमिश्नर कोर्ट में चुनौती दी है। मामले की अगली सुनवाई 28 जुलाई को होनी है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।