रामपुर- रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने छात्रों और अभिभावकों के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की लड़ाई में समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाया।
'शिक्षा के मंदिर' को बचाने की अपील
अखिलेश यादव ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी पर की जा रही कार्रवाई दुर्भावनापूर्ण और पक्षपातपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर होता है और इसे बचाने के लिए देशभर के लोगों से आगे आने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि इस संघर्ष में पार्टी का हर कार्यकर्ता, नेता, समर्थक और हजारों छात्र-छात्राओं के अभिभावक साथ हैं।
'कागजी कमी हो तो पूरी करें, यूनिवर्सिटी न तोड़ें'
सपा प्रमुख ने कहा कि अगर विश्वविद्यालय से जुड़े दस्तावेजों में कोई कमी है तो उसे पूरा कराया जाए, लेकिन छात्रों के भविष्य को बर्बाद करने वाली कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी संकीर्ण राजनीति के तहत शिक्षा संस्थानों को निशाना बना रही है।
भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा शिक्षा के खिलाफ है क्योंकि शिक्षित और जागरूक युवा अन्याय के खिलाफ आवाज उठाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय शिक्षा संस्थानों पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी, जबकि संपन्न लोग अपने बच्चों को महंगे निजी संस्थानों या विदेशों में पढ़ा सकते हैं।
रोजगार और शिक्षा को लेकर साधा निशाना
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में नौकरी और भर्ती नहीं है। उनका आरोप था कि सरकार नहीं चाहती कि युवा पढ़-लिखकर रोजगार की मांग करें। उन्होंने दावा किया कि पहले प्राथमिक स्कूलों को बंद करने की कोशिश की गई और अब विश्वविद्यालयों को निशाना बनाया जा रहा है।