बुलंदशहर में डिबाई से BJP विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर शनिवार शाम गंगा एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। बारिश के दौरान दूसरी गाड़ी से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पोल से टकरा गई, जिसके बाद विधायक समेत तीन घायलों को दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
दूसरी गाड़ी से बचाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फॉर्च्यूनर के सामने अचानक दूसरी गाड़ी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और बारिश के कारण फिसलते हुए सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे रही होगी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सड़क किनारे लगा पोल टूट गया और फॉर्च्यूनर का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के तुरंत बाद फॉर्च्यूनर के चारों एयरबैग खुल गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।हादसे में विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी गंभीर रूप से घायल हुए। उनके PRO अनूप सिंह और गनर राजेश सिंह को भी चोटें आई हैं। वहीं, ड्राइवर विनोद कुमार बाल-बाल बच गए।
दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
हादसे के बाद विधायक समेत घायलों को उपचार के लिए दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक विधायक की हालत स्थिर है।
लखनऊ से गाजियाबाद जा रहे थे विधायक
बताया गया कि विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी शनिवार सुबह करीब 11 बजे लखनऊ से गाजियाबाद के लिए रवाना हुए थे। हादसा बुलंदशहर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर हापुड़ सीमा के पास हुआ।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर को एक्सप्रेस-वे से हटवाया और घटना की जानकारी जुटाई।