बुलंदशहर- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर दौरे के दौरान विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगों, माफिया और अव्यवस्था का गढ़ था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा, "आज प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा... अब सब चंगा है।" मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।
'2017 से पहले हर जिले में दंगे होते थे'
नुमाइश ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के हर जिले में दंगे, माफिया और सिंडिकेट का दबदबा था, जिससे युवाओं के रोजगार और विकास पर असर पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि 2007 से 2017 के बीच प्रदेश की कई चीनी मिलें बेची गईं, जबकि वर्तमान सरकार विकास और निवेश पर काम कर रही है।
574 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर और सिकंदराबाद क्षेत्र के लिए 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे के लिए अधिग्रहित किसानों के मुआवजे में वृद्धि की घोषणा की। बुलंदशहर शहर के लिए रिंग रोड को भी मंजूरी देने का ऐलान किया।
राम मंदिर और काशी कॉरिडोर का किया जिक्र
इससे पहले मुख्यमंत्री रज्जू भैया सैनिक विद्या मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण जनता के समर्थन का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय में छात्राओं के प्रवेश की सराहना करते हुए उनके लिए छात्रावास बनाने की घोषणा भी की।
शताब्दी वर्ष के लिए लिया संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर भारत को विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने सामाजिक समरसता पर जोर देते हुए कहा कि जाति, क्षेत्र, भाषा और छुआछूत से ऊपर उठकर कार्य करना होगा। योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को दुनिया का सबसे बड़ा सामाजिक संगठन बताते हुए रज्जू भैया के योगदान को भी याद किया।