लखनऊ- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के धरने को लेकर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर छात्रों को भड़काने, उनकी छवि खराब करने और राजनीतिक लाभ के लिए आंदोलन का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष युवाओं, दलितों और छात्रों को गुमराह कर देश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
'छात्रों को राजनीतिक हथियार बनाया जा रहा'
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी छात्रों के नाम पर राजनीति कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद घेराव के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने छात्रों की छवि खराब करने की कोशिश की। उनके मुताबिक पहले युवाओं और वंचित वर्गों को भड़काने का प्रयास किया गया और अब छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है।
PM आवास की सुरक्षा पर भी उठाए सवाल
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास का घेराव कर कांग्रेस और सपा ने सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश की। उन्होंने इसे देश के खिलाफ साजिश बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक विरोध के नाम पर सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता।
UPPSC भर्ती प्रक्रिया को लेकर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पिछली भर्ती प्रक्रियाओं का जिक्र करते हुए समाजवादी पार्टी सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय आयोग में अयोग्य लोगों की नियुक्ति की गई और भर्ती प्रक्रिया में पक्षपात हुआ। योगी ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुशासन के लिए काम कर रही है।
'जातीय राजनीति और फर्जी नैरेटिव फैलाया जा रहा'
योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि विपक्ष सोशल मीडिया के जरिए फर्जी नैरेटिव बनाकर जातीय तनाव फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस की संवेदनाएं गरीबों के बजाय माफियाओं के साथ रही हैं, जबकि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपराध, माफियाराज और गुंडागर्दी से मुक्त करने का काम किया है।