संभल- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "जो लोग खुद को बाबर की संतान मानते हैं, उन्हें नया भारत जवाब देगा। भारत में रहना है तो यहां की संस्कृति और परंपरा का सम्मान करना होगा।" मुख्यमंत्री ने संभल और चंदौसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 569 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
'10 हजार एकड़ जमीन माफिया के कब्जे से कराई मुक्त'
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि संभल में करीब 10 हजार एकड़ जमीन माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि यह भूमि अब गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्ग के लोगों को उपलब्ध कराई जाएगी।
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों के दौरान अवैध कब्जों को बढ़ावा मिला और जमीनों के रिकॉर्ड तक नष्ट कर दिए गए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड मिटाए जा सकते हैं, लेकिन सत्य को कभी नहीं मिटाया जा सकता।
हरिहर मंदिर और 68 तीर्थों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि संभल के हरिहर मंदिर, 68 तीर्थों और 19 प्राचीन कूपों के पुनरुद्धार का कार्य शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
145 फीट गणपति और 51 फीट श्रीराम प्रतिमा का अनावरण
योगी आदित्यनाथ ने चंदौसी में 145 फीट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा और 51 फीट ऊंची भगवान श्रीराम की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने इसे अपने लिए सौभाग्य की बात बताया।
संभल में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री ने बताया कि संभल में पुलिस लाइन, PAC बटालियन, इंटीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर और सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ, हरिद्वार और प्रयागराज से जोड़ने की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है।
'अब विरासत का होगा सम्मान'
सीएम योगी ने कहा कि पहले कांवड़ यात्रा, रामनवमी और जन्माष्टमी जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे, लेकिन अब प्रदेश में सभी पर्व और धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है।