संभल - उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में ऐसी सरकार नहीं थी, जो गरीबों, किसानों, पिछड़ों, दलितों, महिलाओं और वंचित वर्ग के हितों के बारे में गंभीरता से सोचती हो। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार ने पिछले नौ वर्षों में सुशासन, कानून-व्यवस्था और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं।
पूर्व सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सीएम योगी ने बिना किसी का नाम लिए पूर्व सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उस समय सरकार का पूरा तंत्र जनता की समस्याओं से दूर था। उन्होंने कहा कि, उस समय सरकार के मुखिया 12 बजे सोकर उठते थे, दो बजे तक तैयार होते थे और शाम होते-होते जिम जाने का समय हो जाता था। उसके बाद महफिलें सजती थीं और प्रदेश की समस्याओं पर ध्यान देने वाला कोई नहीं था। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश की जनता अपने हाल पर छोड़ दी गई थी और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो चुकी थी।

दंगों और कानून-व्यवस्था का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश दंगों के लिए जाना जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय दंगाइयों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण और सम्मान दिया जाता था। उन्होंने कहा, "दंगे होते थे और दंगाइयों का उपचार करने के बजाय उन्हें मुख्यमंत्री आवास बुलाकर सम्मानित किया जाता था। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार आने के बाद कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है।
'9 साल में कोई दंगा नहीं हुआ'
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश में बड़े दंगे नहीं हुए। उन्होंने कहा कि अब अपराधियों और दंगाइयों को कानून का डर है।उन्होंने कहा, "आज दंगाइयों को पता है कि अगर वे कानून हाथ में लेंगे तो उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। सीएम योगी ने संभल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के लोग कानून-व्यवस्था में आए बदलाव को सबसे बेहतर तरीके से समझते हैं।
बरेली की घटना का भी किया जिक्र
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बरेली का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी एक मौलवी कानून व्यवस्था को चुनौती देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन प्रशासन ने कानून के अनुसार कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाता और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ समान रूप से कार्रवाई की जाती है।
सुशासन और विकास का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता सुशासन, विकास और सुरक्षा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में निवेश बढ़ा है, आधारभूत ढांचे का विस्तार हुआ है और आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश को विकास और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाना है तथा आगे भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।