लखनऊ- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार, 19 जुलाई को 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (UPSDMA) के नए मुख्यालय भवन का लोकार्पण करेंगे। लखनऊ के शहीद पथ स्थित डायल-112 मुख्यालय के पास निर्मित इस अत्याधुनिक भवन का उद्देश्य राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, त्वरित और तकनीक आधारित बनाना है।
24×7 संचालित होगा अत्याधुनिक इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर
नए मुख्यालय में 24×7 संचालित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (State Emergency Operation Centre) स्थापित किया गया है। इसके जरिए प्राकृतिक या मानवजनित आपदाओं की स्थिति में रियल-टाइम निगरानी, त्वरित समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन किया जाएगा।
डिजिटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से होगी निगरानी
भवन में अत्याधुनिक डिजिटल कमांड, कंट्रोल एंड कोऑर्डिनेशन सेंटर भी बनाया गया है। यह केंद्र विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा और आपदा के समय तेजी से निर्णय लेने में मदद करेगा।
प्रशिक्षण के लिए आधुनिक सुविधाएं
नए मुख्यालय में क्षमता विकास और प्रशिक्षण के लिए 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाला आधुनिक ऑडिटोरियम, क्लासरूम, लेक्चर हॉल, हॉस्टल और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। यहां आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कई मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, राजस्व राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, सरोजनीनगर विधायक राजेश्वर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।