लखनऊ: उत्तरप्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। राजभर ने कहा कि चर्चा है कि अखिलेश यादव आगामी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से चुनाव नहीं लड़ना चाहते। नेता वह नहीं होता जो चुनाव से भागे। अगर उनमें हिम्मत है तो किसी एक सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं।
अखिलेश यादव को चुनाव लड़ने की चुनौती
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उनके चुनाव नहीं लड़ने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव में हिम्मत है तो उन्हें किसी एक विधानसभा सीट से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।राजभर के मुताबिक, जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ना ही किसी नेता की राजनीतिक ताकत दिखाता है।
टोना-टोटका को लेकर भी अखिलेश पर कसा तंज
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए टोना-टोटका का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव टोना-टोटका मानते हैं। बिना चुनाव लड़े मुख्यमंत्री बन जाना उनके लिए किसी टोना-टोटका से कम नहीं था।
10 साल पहले जनता ने टोना-टोटका मानने वाली सरकार को हटाया: राजभर
राजभर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने करीब 10 साल पहले ही टोना-टोटका मानने वाली सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया था। उन्होंने दावा किया कि आज प्रदेश से भूत-प्रेत और टोना-टोटका जैसी चीजें खत्म कर दी गई हैं।उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वह एक बार मुख्यमंत्री बन पाए हैं और आगे मुख्यमंत्री बनने की उम्मीद नहीं है।