अयोध्या- श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज (बुधवार) होने वाली अहम बैठक पर पूरे देश की नजरें टिकी हैं। इस बैठक में ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे, प्रशासनिक व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। सबसे बड़ी चर्चा नए महासचिव की नियुक्ति को लेकर है, क्योंकि पूर्व महासचिव चंपत राय के इस्तीफे के बाद यह पद खाली है। इसके अलावा ट्रस्ट में लंबे समय से रिक्त दो अन्य महत्वपूर्ण पदों को भी भरने पर फैसला होने की संभावना है। बैठक दो चरणों में आयोजित होगी, जिसमें पहले चरण में नियुक्तियों पर चर्चा होगी, जबकि दूसरे चरण में मंदिर की व्यवस्थाओं और प्रशासनिक सुधारों पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
नए महासचिव की नियुक्ति पर सबकी नजर
सूत्रों के मुताबिक, ट्रस्ट का नया महासचिव विश्व हिंदू परिषद (VHP) से ही चुना जा सकता है। महासचिव का पद राम मंदिर निर्माण और प्रबंधन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके साथ ही ट्रस्ट में खाली पड़े अन्य पदों पर भी नए सदस्यों की नियुक्ति संभव है। जानकारी के अनुसार, दिवंगत बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के स्थान पर उनके पुत्र एवं साहित्यकार यतींद्र मिश्र को ट्रस्ट में शामिल किए जाने की संभावना है। वहीं अयोध्या के किसी प्रमुख संत को भी ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।
चढ़ावा विवाद के बाद प्रशासनिक व्यवस्था होगी मजबूत
हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण और उसके बाद हुई जांच के बाद ट्रस्ट अब अपनी कार्यप्रणाली को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की तैयारी में है। बैठक में चढ़ावे की गणना प्रक्रिया, लेखा प्रणाली, बैंकिंग व्यवस्था, सुरक्षा तंत्र और वित्तीय निगरानी को लेकर नई व्यवस्था लागू करने पर चर्चा होगी। साथ ही कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को और स्पष्ट करने तथा मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत बनाने पर भी विचार किया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अनियमितता की संभावना न रहे।
सुरक्षा और काउंटिंग सिस्टम की होगी समीक्षा
राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास ने बताया कि बैठक मणिराम दास की छावनी में आयोजित होगी। इसमें नोटों की काउंटिंग व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और मंदिर परिसर में निगरानी तंत्र की समीक्षा की जाएगी। साथ ही चढ़ावा प्रकरण की एसआईटी जांच की प्रगति पर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि रामानंदी परंपरा के अनुसार मंदिर में पूजा-अर्चना सुचारु रूप से चल रही है और ट्रस्ट लगातार व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है।
अयोध्या पहुंचने लगे ट्रस्टी और VHP पदाधिकारी
बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के सदस्य अयोध्या पहुंचने लगे हैं। मंगलवार देर शाम युगपुरुष परमानंद और जगद्गुरु वासुदेवानंद सरस्वती अयोध्या पहुंचे। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि के बुधवार सुबह पहुंचने की संभावना है, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ता के. परासरण ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल होंगे। दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी अयोध्या पहुंच चुके हैं, जिससे बैठक के महत्व का अंदाजा लगाया जा सकता है।